
साइबर सेल की बड़ी सफलता: 2 लाख की साइबर ठगी में पीड़ित को वापस मिले ₹70 हजार, बाकी रकम दिलाने की कार्रवाई जारी
संतकबीरनगर। साइबर अपराध के शिकार लोगों को त्वरित राहत दिलाने की दिशा में संतकबीरनगर पुलिस लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है। पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन में साइबर सेल थाना दुधारा की टीम ने साइबर ठगी के एक पीड़ित को ₹70,000 की धनराशि वापस दिलाकर बड़ी सफलता हासिल की है।
जानकारी के अनुसार, थाना दुधारा क्षेत्र के ग्राम करमा खान निवासी शमशाद अहमद ने 28 अप्रैल 2025 को शिकायत दर्ज कराई थी कि 25 अप्रैल 2025 को उसरा शहीद मार्केट में उनका मोबाइल फोन गिर गया था। इसके बाद अज्ञात व्यक्ति ने मोबाइल का दुरुपयोग करते हुए उनके खाते से ऑनलाइन लेनदेन कर ₹2,00,102 की धोखाधड़ी कर ली।शिकायत मिलते ही साइबर हेल्प डेस्क पर तैनात आरक्षी ऋषिकेश यादव ने तत्काल कार्रवाई शुरू की और संबंधित बैंक व संस्थाओं से प्रभावी समन्वय स्थापित किया। प्रयासों के परिणामस्वरूप प्रथम चरण में ₹70,000 की राशि पीड़ित के खाते में वापस करा दी गई। पुलिस ने बताया कि शेष धनराशि की वापसी के लिए भी संबंधित बैंकों और संस्थाओं से लगातार संपर्क किया जा रहा है और जल्द ही बाकी रकम भी वापस कराने का प्रयास जारी है।धनराशि वापस मिलने पर पीड़ित शमशाद अहमद ने उत्तर प्रदेश पुलिस और साइबर सेल थाना दुधारा की टीम का आभार व्यक्त किया।