
सांसद कालीचरण सिंह की पहल पर 25 केवीए की जगह लगाया गया 63 केवीए का ट्रांसफार्मर, ग्रामीणों ने जताया आभार
#मनातू #पलामू। मनातू प्रखंड के करमाही गांव में बिजली की समस्या दूर करने की दिशा में पहल करते हुए 25 केवीए के पुराने ट्रांसफार्मर की जगह 63 केवीए का नया ट्रांसफार्मर स्थापित किया गया। यह पहल चतरा सांसद कालीचरण सिंह के प्रयास से पूरी हुई। ट्रांसफार्मर लगने से ग्रामीणों में खुशी का माहौल है और उन्हें बिजली की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।
जानकारी के अनुसार, करमाही गांव के ग्रामीणों ने ट्रांसफार्मर खराब होने की सूचना फोन के माध्यम से सांसद कालीचरण सिंह को दी थी। ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए सांसद ने जिला विद्युत विभाग के प्रतिनिधि अक्षय कुमार को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। इसके बाद विद्युत विभाग से समन्वय स्थापित कर गांव में 25 केवीए की जगह 63 केवीए क्षमता का ट्रांसफार्मर लगाया गया।
नए ट्रांसफार्मर की स्थापना से ग्रामीणों को बेहतर बिजली आपूर्ति मिलने की उम्मीद है। ग्रामीणों ने इस पहल के लिए सांसद कालीचरण सिंह के प्रति आभार व्यक्त किया।
मौके पर जिला सांसद प्रतिनिधि बेगू साव, साधु मांझी, पूर्व मंडल अध्यक्ष शत्रुघ्न सिंह, सत्य प्रकाश पांडेय, मनातू मंडल अध्यक्ष अरविन्द यादव, उपाध्यक्ष लालदेव यादव, सतेन्द्र यादव, योगेंद्र मिस्त्री, शंभु यादव, अनिल मिस्त्री और हरिलाल यादव सहित कई ग्रामीण उपस्थित रहे।
ग्रामीणों ने कहा कि क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए इस तरह की पहल से लोगों को राहत मिलती है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आगे भी गांव की बुनियादी समस्याओं के समाधान के लिए इसी तरह प्रयास जारी रहेंगे।
Panki, Palamu | Oct 17, 2026