
बसाहरा बस सेवा बहाल होने से ग्रामीणों में खुशी, जनहित की मांग हुई पूरी
रामपुर, 24 अगस्त 2026। बसाहरा क्षेत्र के विद्यार्थियों, कर्मचारियों, महिलाओं, बुजुर्गों तथा आम जनता को बड़ी राहत मिली है। लंबे समय से बंद चल रही रामपुर–बसाहरा बस सेवा को परिवहन निगम रामपुर द्वारा पुनः सुचारू रूप से शुरू कर दिया गया है। बस सेवा बहाल होने से क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है।
बस सेवा को नियमित करने की मांग को लेकर बुशहर छात्र कल्याण संघ के चेयरमैन कुलदीप वर्मा ने 21 अगस्त 2026 को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को ज्ञापन सौंपकर बसाहरा क्षेत्र के लोगों की समस्या को प्रमुखता से उठाया था। इससे पूर्व धरोहर 10/100 क्लब, बसाहरा के प्रधान एवं समाजसेवी महेंद्र पटेल ने भी 5 अगस्त को मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा था।
क्लब प्रतिनिधियों ने परिवहन निगम हिमाचल प्रदेश के एमडी देवा सैन नेगी, रामपुर आरएम तथा रामपुर एसडीएम के समक्ष भी बस सेवा बहाल करने की मांग रखी। इसके अलावा क्लब के सदस्यों ने सातवें वित्त आयोग के अध्यक्ष एवं विधायक नंद लाल से भी मुलाकात कर समस्या से अवगत करवाया।
परिवहन निगम की ओर से आश्वासन दिया गया था कि रामपुर डिपो को बस उपलब्ध होते ही बसाहरा रूट को प्राथमिकता के आधार पर बहाल किया जाएगा। इसके बाद रामपुर परिवहन निगम द्वारा बस सेवा पुनः शुरू कर दी गई। बस के बसाहरा पहुंचने पर ग्रामीणों ने खुशी जताई और जनहित की इस मांग को पूरा करवाने के लिए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, विधायक नंद लाल, परिवहन निगम रामपुर तथा सभी सहयोगी प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।
स्थानीय ग्रामीणों ने कहा कि बस सेवा बंद होने से विद्यार्थियों, महिलाओं, बुजुर्गों और कर्मचारियों को रोजमर्रा के आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। बस सेवा बहाल होने से अब क्षेत्रवासियों को काफी राहत मिलेगी।
इस पूरे प्रयास में पंचायत प्रधान पुष्पा मोदी, उपप्रधान अजेश नेगी, धरोहर 10/100 क्लब के सदस्यों तथा क्षेत्र के ग्रामीणों ने भी लगातार प्रशासन और सरकार के समक्ष समस्या को उठाया।
क्लब प्रधान महेंद्र पटेल ने कहा कि धरोहर 10/100 क्लब जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देता है और क्षेत्र की समस्याओं को प्रशासन, पंचायत तथा सरकार के समक्ष उठाने के लिए लगातार प्रयासरत रहेगा। उन्होंने बस सेवा बहाल करने के लिए मुख्यमंत्री, विधायक नंद लाल, परिवहन निगम रामपुर के आरएम एवं समस्त अधिकारियों का धन्यवाद किया।
वहीं, क्लब पदाधिकारियों ने सोशल मीडिया पर बस सेवा बहाली को लेकर प्रकाशित कुछ खबरों पर भी आपत्ति जताते हुए कहा कि किसी भी जनहित के मामले में खबर प्रकाशित करने से पहले तथ्यों की सही जानकारी लेना आवश्यक है, ताकि किसी व्यक्ति अथवा संस्था के प्रयासों को गलत तरीके से प्रस्तुत न किया जाए।
क्षेत्रवासियों ने कहा कि बसाहरा बस सेवा की बहाली से ग्रामीणों की वर्षों से चली आ रही परेशानी दूर हुई है और इसके लिए सभी संबंधित लोगों का आभार व्यक्त किया गया।
जनसेवा ही उद्देश्य — विकास एवं जनहित के लिए प्रयास जारी रहेंगे।