
Ambala Media:"
अंबाला पुलिस और एकम न्यास संस्था की अनूठी पहल: विश्व रक्तदाता दिवस पर लगा विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर
मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक श्री अजीत सिंह शेखावत ने बढ़ाया रक्तवीरों का हौसला, डीएसपी जगबीर सिंह ने 52वीं बार रक्तदान कर पेश की मिसाल
अम्बाला, 19 जून। विश्व रक्तदाता दिवस के उपलक्ष्य में अंबाला पुलिस एवं एकम न्यास संस्था के संयुक्त तत्वावधान में पुलिस लाइन, अंबाला शहर स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर में विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों, युवाओं, महिलाओं एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर रक्तदान किया।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अंबाला श्री अजीत सिंह शेखावत मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा मानव धर्म और सर्वोत्तम सेवा है। एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन प्रदान कर सकता है, इसलिए प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को नियमित रूप से रक्तदान करना चाहिए। इस अवसर पर उन्होंने रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित भी किया।
शिविर की विशेष बात यह रही कि डीएसपी श्री जगबीर सिंह ने 52वीं बार स्वेच्छा से रक्तदान कर समाज के सामने प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान को लेकर लोगों में जागरूकता बढ़ाना समय की आवश्यकता है और इससे समाज में फैली भ्रांतियां भी दूर होती हैं।
इस अवसर पर एक महत्वपूर्ण डिजिटल पहल करते हुए 'पुलिस व पब्लिक ब्लड डोनेशन व्हाट्सएप ग्रुप' का शुभारंभ किया गया। पुलिस अधीक्षक श्री अजीत सिंह शेखावत ने ग्रुप का आधिकारिक क्यूआर कोड स्कैनर जारी किया, जिसके माध्यम से आम नागरिक सीधे ग्रुप से जुड़ सकेंगे। इस पहल का उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों में जरूरतमंद मरीजों तक समय पर रक्त उपलब्ध कराना है।
एनडीपीएस सेल के इंचार्ज अजय कुमार ने कहा कि नियमित रक्तदान न केवल दूसरों का जीवन बचाने में सहायक होता है, बल्कि रक्तदाता के स्वास्थ्य के लिए भी लाभदायक है।
शिविर के दौरान चिकित्सकीय देखरेख में लगभग 60 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। रक्तदाताओं के लिए जलपान एवं स्वास्थ्य संबंधी सभी आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था भी की गई थी।
एकम न्यास संस्था के अध्यक्ष अमित चानना, पवन शर्मा एवं विक्की सहगल ने संयुक्त रूप से बताया कि संस्था का उद्देश्य रक्त की कमी से जूझ रहे मरीजों को समय पर सहायता उपलब्ध कराना है। उन्होंने शिविर को सफल बनाने के लिए अंबाला पुलिस प्रशासन, चिकित्सा टीम, सहयोगी संस्थाओं तथा सभी रक्तदाताओं का आभार व्यक्त किया।
अंबाला मीडिया WhatsApp चैनल से जुड़ें:https://whatsapp.com/channel/0029Vb6GY3MEFeXmLhg3SR0f
अंबाला मीडिया – खबरें ही खबरें
Ambala, Ambala | Jun 20, 2026