
पत्नी के नाम फर्म बनाकर बिजली उपकरणों में घोटाला, MPEB का JE निलंबित – हनुमना सोलर प्लांट में मिला गड़बड़झाला
*पेट्रोल न्यूज़: सीधी में पदस्थ JE रंजीत कुमार साहू ने 'मेसर्स ओम एंटरप्राइजेज' से कराए थे काम, जांच में पत्नी ममता कुमारी निकलीं प्रोपराइटर – 2 मेगावाट सोलर प्लांट के उपकरणों पर मप्रपक्षेविविकं का नाम अंकित, निजी कंपनी का पाया गया केबल
*रीवा | मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी जबलपुर के रीवा सर्किल में बड़े घोटाले का खुलासा हुआ है। सीधी जिले में पदस्थ जूनियर इंजीनियर रंजीत कुमार साहू को पत्नी के नाम फर्म बनाकर विद्युत उपकरणों में गड़बड़ी करने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। मामला हनुमना में बन रहे 2 मेगावाट सौर ऊर्जा संयंत्र से जुड़ा है।
*शिकायत के बाद गठित हुई थी जांच समिति*
मुख्य अभियंता (प्रवर्तन) रीवा को विद्युत उपकरणों और विभिन्न कंपनियों की सामग्री के दुरुपयोग की शिकायत मिली थी। शिकायत में सप्लायर फर्म मेसर्स ओम एंटरप्राइजेज की भूमिका पर सवाल उठाए गए थे। जांच के लिए समिति गठित की गई, जिसने स्थल निरीक्षण, अभिलेखों के परीक्षण और संबंधित अधिकारियों के बयानों के आधार पर जांच की।
*जांच में खुली पोल: पत्नी निकलीं फर्म की मालिक*
जांच समिति ने पाया कि हनुमना के 2 मेगावाट सोलर प्लांट के विद्युत संयोजन व लाइन विस्तार का कार्य मेसर्स ओम एंटरप्राइजेज से कराया गया, जिसकी प्रोपराइटर ममता कुमारी हैं। ममता कुमारी निलंबित JE रंजीत कुमार साहू की पत्नी हैं।
*उपकरणों पर कंपनी का नाम, लेकिन केबल निजी फर्म का*
जांच के दौरान कुछ उपकरणों पर मप्र पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड का नाम अंकित पाया गया, जबकि कंट्रोल केबल पर एक निजी कंपनी 'मग पावर ट्रांसमिशन' का नाम मिला। इसके अलावा VCB की नेम प्लेट पर कंपनी संबंधी विवरण मिटाया गया था। इससे संलिप्तता की आशंका और गहरी हुई।
*25 जून को किया गया निलंबित
जांच रिपोर्ट में प्रथम दृष्टया JE रंजीत कुमार साहू की संलिप्तता सामने आने पर कार्यपालन अभियंता (एसटीएम/एसटीसी) संभाग सीधी ने 25 जून के आदेश से उन्हें निलंबित कर दिया। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय अधीक्षण अभियंता (संचालन/संधारण) वृत्त, उमरिया निर्धारित किया गया है।
*अटैच किए गए SE कार्यालय उमरिया
कंपनी प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि जांच में सामने आए सभी तथ्यों का संबंधित कर्मचारियों से अभिलेखीय सत्यापन कराया जा रहा है। अंतिम निष्कर्षों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Mauganj, Rewa | Jun 30, 2026