
मध्यप्रदेश के 267 PWD रेस्ट हाउस अब आमजन के लिए खुले, ऑनलाइन बुक कर सकेंगे कमरा-हॉल
मध्यप्रदेश में अब आमजन भी लोक निर्माण विभाग (PWD) के रेस्ट हाउस और गेस्ट हाउस में ऑनलाइन कमरा या हॉल बुक कर ठहर सकेंगे। विभाग ने प्रदेश के 267 रेस्ट हाउस में इसी माह से ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा शुरू कर दी है। अब तक इन रेस्ट हाउस में मुख्य रूप से अफसरों और जनप्रतिनिधियों को ही ठहरने की सुविधा मिलती थी।
दिल्ली, भोपाल या देश के किसी भी हिस्से में बैठा व्यक्ति उपलब्धता के आधार पर मध्यप्रदेश के किसी भी जिले के रेस्ट हाउस में कमरा या हॉल बुक कर सकता है। इसके लिए विभाग द्वारा निर्धारित नई दरों के अनुसार भुगतान करना होगा।
विभाग ने आमजन के लिए रेस्ट हाउस उपलब्ध कराने का फैसला वर्ष 2023 में लिया था, लेकिन अब जाकर इसे लागू किया गया है। ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा MP PWD की वेबसाइट पर उपलब्ध लिंक के माध्यम से दी जा रही है।
हालांकि, भोजन की सुविधा हर रेस्ट हाउस में उपलब्ध नहीं है। जहां खानसामा मौजूद है, वहां उनसे संपर्क कर भोजन की व्यवस्था की जा सकती है और इसके लिए प्रति व्यक्ति अलग से भुगतान करना होगा। कुछ स्थानों पर फिलहाल भोजन की सुविधा नहीं है।
ऑनलाइन बुकिंग शुरू करने से पहले विभाग ने करीब 12 साल बाद रेस्ट हाउस के किराए में भी संशोधन किया है। 27 जुलाई 2026 को नई दरें निर्धारित कर तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई हैं।
#MPNews #PWD #MadhyaPradesh #OnlineBooking #RestHouse