
रेलवे स्टेशन पर रिक्शा खड़ा करने को लेकर चाकूबाजी, आरोपी गिरफ्तार; घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद
बलिया। शहर के रेलवे स्टेशन पर रिक्शा खड़ा करने को लेकर हुए विवाद में चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में कोतवाली पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे/निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 3 सितंबर 2026 की रात करीब 1 बजे रेलवे स्टेशन पर रिक्शा खड़ा करने को लेकर विवाद हुआ था। इस दौरान आरोपी द्वारा चाकू से हमला किए जाने के मामले में थाना कोतवाली में मु0अ0सं0 345/2026, धारा 109(1) बीएनएस और 4/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
घटना के बाद पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी। इसी क्रम में उपनिरीक्षक अरुण कुमार सिंह ने पुलिस टीम के साथ मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए सलीम अन्सारी पुत्र मुस्ताक अन्सारी, निवासी राजपूत नेवरी, थाना कोतवाली बलिया, स्थायी पता बेदुआ, उम्र करीब 28 वर्ष को रेलवे स्टेशन के गेट नंबर-1 स्थित सर्कुलेटिंग एरिया के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक चाकू बरामद किया। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय भेज दिया गया।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक अरुण कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल राकेश कुमार यादव, कांस्टेबल जय सिंह, सौरभ सिंह और राजीव सिंह शामिल रहे।
#बलिया_पुलिस
#कोतवाली_पुलिस
#चाकूबाजी
#आर्म्स_एक्ट
#BalliaNews