
"मंडी में गजब मामला: पत्नी चुनाव हारी तो पति ने बंद कर दिया गांव का रास्ता"
"पंचायत चुनाव के नतीजों के बाद बवाल, व्यक्ति ने रोक दिया गांव का रोड"
मंडी,रिपोर्ट तरनदीप सिंह
हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनाव का रंग उतरने लगा है। लेकिन अभी भी कई रोचक नतीजों सहित गजब घटनाएं भी सामने आ रही हैं। पंचायत चुनाव में हारने के बाद अब लोग अलग-अलग तरीक से अपनी नाराजगी जाहिर करने लगे हैं। ऐसा ही मामला जिला मंडी के बल्ह विधानसभा क्षेत्र में सामने आया है। यहां पर नई बनी टिक्करकलां पंचायत में पत्नी के बीडीसी चुनाव हारने से नाराज एक व्यक्ति ने टिक्कर से नौण गांव को जाने वाला रास्ता ही रात को बंद कर दिया। व्यक्ति ने रास्ते पर लकड़ी और तख्ते रख दिए। इस कारण रात को आने जाने वालों को परेशानी हुई। वहीं सुबह व्यक्ति ने अपने आप ही रास्ता खोल दिया।बताया जा रहा है कि इस गांव से पहले वार्ड सदस्य रही, उसकी पत्नी बीडीसी के लिए खड़ी थी, लेकिन चुनाव हार गई। पत्नी की हार से नाराज पति ने देर रात को शराब के नशे में रास्ता बंद कर दिया और लोगों को आने जाने से रोकने लगा। लोगों ने इसकी सूचना नवनिर्वाचित प्रधान सुरेश शर्मा को दी। इसके बाद सुबह तक रास्ता खोल दिया गया। उधर पंचायत प्रधान सुरेश शर्मा ने बताया कि उपरोक्त व्यक्ति पहले भी शराब के नशे में ऐसी हरकतें कर चुका है। उसे समझाया गया और उसने अपने आप ही रास्ता खोल दिया। उन्होंने कहा कि भविष्य में अगर यह ऐसा करता है तो इसकी शिकायत की जाएगी।