
नौ दिन बाद बेल्थरारोड एसडीएम न्यायिक और #तहसीलदार न्यायालय का टूटा गतिरोध, अधिकारियों से वार्ता हुई सार्थक, गुरुवार से चलेगा कोर्ट
#बलिया: बेल्थरारोड तहसील में न्यायिक #एसडीएम और तहसीलदार न्यायालय का करीब नौ दिनों से चल रहा बहिष्कार बुधवार को समाप्त हो गया। न्यायिक एसडीएम तिमराज सिंह से वार्ता और नवागत तहसीलदार राजू कुमार के साथ औपचारिक परिचय बैठक के बाद तहसील #अधिवक्ता एसोसिएशन ने न्यायिक कार्य में सहयोग का निर्णय लिया। गुरुवार से सभी न्यायालयों में कामकाज सामान्य रूप से शुरू होगा।
एसोसिएशन अध्यक्ष अमरजीत सिंह ने बताया कि अधिकारियों ने अधिवक्ताओं की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए भविष्य में सुधार का भरोसा दिया। साथ ही बिना सुनवाई वाद खारिज नहीं किए जाने और न्यायिक प्रक्रिया के नियमानुसार संचालन का आश्वासन मिला। मंत्री दिलरोज अहमद ने बताया कि बार-बेंच के बीच बेहतर सामंजस्य और न्यायिक कार्य सुचारु रखने पर भी सहमति बनी।
गौरतलब है कि बिना सुनवाई बड़ी संख्या में वाद खारिज किए जाने के आरोप को लेकर अधिवक्ताओं ने न्यायालयों का बहिष्कार किया था। इसी दौरान तत्कालीन तहसीलदार अजीत सिंह का बांसडीह न्यायिक तहसीलदार पद पर स्थानांतरण किया गया था। वार्ता के बाद अब करीब नौ दिन से चला आ रहा गतिरोध समाप्त हो गया।