
"एक क्लिक की गलती, जिंदगी भर की ठगी, मोहना पुलिस का गांव-गांव साइबर सुरक्षा अभियान, ग्रामीणों को किया सतर्क,
ग्वालियर। पुलिस मुख्यालय द्वारा संचालित "सेफ क्लिक 2.0" अभियान के तहत थाना मोहना पुलिस ने रविवार को ग्राम पंचायत चराई एवं दौरार में साइबर अपराधों के प्रति जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर ग्रामीणों को ऑनलाइन ठगी से बचने के गुर सिखाए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, पंचायत प्रतिनिधि, महिलाएं और युवा शामिल हुए।
इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने डिजिटल अरेस्ट, सोशल मीडिया फ्रॉड, निवेश के नाम पर ठगी, फर्जी लिंक, ओटीपी धोखाधड़ी और म्यूल खातों के दुरुपयोग जैसे साइबर अपराधों के तरीकों और उनसे बचाव के उपायों की विस्तार से जानकारी दी।
ग्रामीणों को बताया गया कि यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार हो जाता है तो वह तुरंत 1930 हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करें तथा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) और संचार साथी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते रकम को रोका जा सके। साथ ही नागरिकों को साइबर सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियों के लिए "साइबर दोस्त" को फॉलो करने की भी सलाह दी गई।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार जिले के सभी थाना प्रभारियों को प्रतिदिन अधिक से अधिक नागरिकों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में जय राज कुबेर के मार्गदर्शन एवं थाना प्रभारी विनय सिंह तोमर के नेतृत्व में थाना मोहना पुलिस द्वारा 24 जून 2026 से लगातार क्षेत्र के नागरिकों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
थाना मोहना पुलिस ने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी अनजान कॉल, संदिग्ध लिंक, निवेश प्रस्ताव या सोशल मीडिया संदेश पर बिना जांच-पड़ताल के भरोसा न करें और किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।