
सारण जिला जेपी सेनानी मोर्चा की एक महत्वपूर्ण बैठक मंगलवार को रिविलगंज के विजय राय के टोला स्थित जेपी सेनानी रामायण सिंह जीवनदानी के आवास पर जिला अध्यक्ष आशुतोष भारती की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में हाल ही में विधानसभा में जेपी सेनानियों की मांगों को प्रमुखता से उठाने के लिए छपरा विधायक छोटी कुमारी एवं विधायक कृष्ण कुमार सिंह मंटू के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
बैठक में निर्णय लिया गया कि 9 अगस्त 2026 से सारण जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत जेपी सेनानी गांव-गांव जाकर अपनी 15 सूत्री मांगों की जानकारी देंगे तथा आम लोगों से समर्थन का आग्रह करेंगे।
बैठक में बताया गया कि 19 जुलाई 2026 को रिविलगंज में आयोजित जिलास्तरीय आमसभा में सारण जिला जेपी सेनानी मोर्चा के पदाधिकारियों का सर्वसम्मति से चुनाव हुआ था, जिसमें आशुतोष भारती को जिला अध्यक्ष चुना गया। उसी आमसभा में 15 सूत्री प्रस्ताव भी पारित किया गया था। सभा का उद्घाटन विधायक छोटी कुमारी ने किया था, जिन्होंने बाद में विधानसभा में भी जेपी सेनानियों की मांगों को उठाया। विधायक कृष्ण कुमार सिंह मंटू ने भी इन मांगों का समर्थन किया।
जेपी सेनानियों की प्रमुख मांगों में सभी जेल गए सेनानियों को समान रूप से सम्मान योजना का लाभ देने, मृत सेनानियों की विधवा पत्नियों को योजना के दायरे में शामिल करने, देश स्तर पर राष्ट्रीय सेनानी का दर्जा देने, बिहार जेपी सेनानी सम्मान योजना परिषद के गठन, सभी प्रमाणित एवं भूमिगत सेनानियों को सम्मान एवं सुविधाएं प्रदान करने, गौतम ऋषि मंदिर एवं मां अहिल्या स्थल को रामायण सर्किट से जोड़कर पर्यटन स्थल घोषित करने, रिविलगंज में सरयू नदी पर पीपा पुल निर्माण, 60 वर्ष से अधिक आयु के सभी वृद्धों को ₹3,000 मासिक पेंशन, बेरोजगार युवाओं को बेरोजगारी भत्ता, जेपी विश्वविद्यालय में गुणवत्तापूर्ण एवं रोजगारपरक शिक्षा, बंद चीनी मिलों को पुनः चालू कराने तथा चौर क्षेत्रों से जल निकासी एवं छोटी नदियों को जोड़कर बाढ़ से स्थायी बचाव की व्यवस्था करने जैसी मांगें शामिल हैं।
बैठक में जिला अध्यक्ष आशुतोष भारती, त्रिसदस्यीय समिति सदस्य रामायण सिंह जीवनदानी, हरे राम सिंह, वीरेंद्र सिंह, गौतम जी, हरेंद्र गिरी, रतन श्रीवास्तव, जितेंद्र सिंह, दिनेश जी, अजय तिवारी, मदन गोपाल सहित बड़ी संख्या में जेपी सेनानी उपस्थित रहे।
Chapra, Saran | Jul 29, 2026