
अग्रसेन चौक को लेकर अफवाहों पर न दें ध्यान, सौंदर्यीकरण का कार्य जारी : हिमलेश जैन
पुराने बस स्टैंड स्थित महाराजा अग्रसेन चौक पर नहीं लगेगी किसी अन्य महापुरुष की प्रतिमा, नगर पालिका के एजेंडे के अनुसार हो रहा है सौंदर्यीकरण
सफीदों के पुराने बस स्टैंड स्थित महाराजा अग्रसेन चौक पर चल रहे निर्माण कार्य को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच वार्ड नंबर 13 के पार्षद प्रतिनिधि हिमलेश जैन ने स्थिति स्पष्ट करते हुए लोगों से किसी भी प्रकार की भ्रामक बातों पर ध्यान न देने की अपील की है।
हिमलेश जैन ने कहा कि शहर में यह अफवाह फैलाई जा रही है कि महाराजा अग्रसेन चौक की जगह किसी अन्य महापुरुष का चौक बनाया जा रहा है, जबकि यह पूरी तरह निराधार है। उन्होंने बताया कि नगर पालिका सदन में ऐसा कोई प्रस्ताव न तो रखा गया है और न ही पास किया गया है। इसलिए वहां किसी अन्य महापुरुष की प्रतिमा लगाने का कोई सवाल ही नहीं उठता। यह स्थान पहले भी महाराजा अग्रसेन चौक था और आगे भी उसी नाम से रहेगा।
उन्होंने बताया कि नगर पालिका सदन में अग्रवाल समाज से जुड़े तीनों पार्षदों ने महाराजा अग्रसेन के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त करते हुए अन्य पार्षदों के सहयोग से अग्रसेन चौक के सौंदर्यीकरण का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित कराया था। इसी प्रस्ताव के तहत चौक का विकास कार्य कराया जा रहा है।
उन्होंने जानकारी दी कि चौक के केंद्र में सजावटी दीवार बनाई जाएगी। चबूतरे और दीवार के बीच मिट्टी भरकर आकर्षक पौधे लगाए जाएंगे। इसके साथ ही रंगीन फ्लड लाइटें और फव्वारा भी लगाया जाएगा। चबूतरे पर चार पिलर बनाकर उनके ऊपर आकर्षक छतरी का निर्माण किया जाएगा, जिससे चौक की सुंदरता और बढ़ेगी।
हिमलेश जैन ने शहरवासियों, विशेषकर अग्रवाल समाज के लोगों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर विश्वास न करें। नगर पालिका द्वारा महाराजा अग्रसेन चौक के सौंदर्यीकरण एवं शहर के विकास के लिए किए जा रहे कार्यों में सहयोग करें और विकास कार्यों को सफल बनाने में अपनी भागीदारी निभाएं।
Safidon, Jind | Jul 24, 2026