गलत दिशा से आई स्विफ्ट कार ने टैक्सी को मारी टक्कर, दो गंभीर
बालेसर/शेरगढ़। शेरगढ़ थाना क्षेत्र में एनएच-125 पर 51 मील के पास शुक्रवार को तेज रफ्तार और लापरवाही के चलते बड़ा सड़क हादसा हो गया। गलत दिशा से आ रही एक स्विफ्ट कार ने सामने से आ रही टैक्सी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि टैक्सी करीब 100 फीट तक सड़क पर घिसटती चली गई।
हादसे में टैक्सी चालक **भवानीसिंह केतु** और एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही एनएचएआई की टीम मौके पर पहुंची। टीम के **वीरसिंह मीणा** ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को तत्काल बालेसर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए 108 एम्बुलेंस से उन्हें जोधपुर रेफर कर दिया गया। हादसे की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।