#प्रेस क्लब का निशुल्क स्वास्थ्य शिविर, 60 से अधिक पत्रकारों की जांच
#बीकानेर प्रेस क्लब के तत्वावधान में शुक्रवार को जिला अस्पताल (सैटेलाइट) में पत्रकारों एवं उनके परिवारजनों के लिए निशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 60 से अधिक पत्रकारों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
प्रेस क्लब अध्यक्ष कुशाल सिंह मेड़तिया ने बताया कि पत्रकारों की स्वास्थ्य जागरूकता को ध्यान में रखते हुए यह पहल की गई। शिविर में ईसीजी, सीबीसी, ब्लड शुगर, कोलेस्ट्रॉल, क्रीएटिनिन, यूरिक एसिड, ब्लड ग्रुप सहित कई महत्वपूर्ण जांचें निशुल्क की गईं।
जांच के बाद विशेषज्ञ चिकित्सकों ने स्वास्थ्य संबंधी परामर्श भी दिया। शिविर के आयोजन में सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम का सहयोग रहा। पत्रकारों ने इस पहल की सराहना करते हुए ऐसे शिविर नियमित आयोजित करने की मांग की।