
धनबाद के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हजारीबाग के चलकुशा थाना की पुलिस टीम छापेमारी कर वापस लौट रही थी, तभी राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर उनका सरकारी वाहन सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से टकरा गया। हादसे में एक पुलिस जवान की मौके पर मौत हो गई, जबकि तीन अन्य पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतक जवान की पहचान रामलखन यादव (50) के रूप में हुई है। वहीं घायल पुलिसकर्मियों में नरेश यादव, ग्रीन पासवान और वाहन चालक गौरव कुमार शामिल हैं। हादसे के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी को धनबाद के शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों घायलों को बेहतर इलाज के लिए असर्फी अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस के अनुसार, चलकुशा थाना की टीम मैथन क्षेत्र में एक अभियुक्त की तलाश में छापेमारी करने गई थी। कार्रवाई पूरी कर लौटने के दौरान बरवाअड्डा थाना क्षेत्र में यह हादसा हुआ।
इधर, घायल जवान के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए हैं। उनका कहना है कि डॉक्टरों की निगरानी में इलाज जारी है और सभी की हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है।
#hazaribagh #dhanbad #accident #Jharkhandaccident