
बेटी के प्रेम विवाह के बाद मां से अभद्रता व दुष्कर्म का प्रयास, अदालती आदेश पर केस दर्ज
L.b. Bhakhar #lalbahadurbhakharjournlist
पीलीबंगा हनुमानगढ़ #लालबहादुर_भाखर
स्थानीय पुलिस ने न्यायालय के इस्तगासे (आदेश) पर एक युवक के खिलाफ घर में घुसकर दुष्कर्म का प्रयास करने, छेड़छाड़ और जान से मारने की धमकी देने के गंभीर आरोपों में मामला दर्ज किया है। पीड़िता का आरोप है कि उसकी बेटी द्वारा आरोपी से प्रेम विवाह किए जाने के बाद से ही आरोपी उसे लगातार प्रताड़ित कर रहा है।
पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, पीड़िता ने बताया कि उसकी पुत्री ने जनवरी 2026 में आरोपी कालूराम उर्फ काला सिंह के साथ प्रेम विवाह किया था, जिससे नाराज होकर परिवार ने बेटी से अपने संबंध तोड़ लिए थे। इसके बावजूद आरोपी की हरकतें बंद नहीं हुईं। आरोप है कि बीते 27 अप्रैल को जब पीड़िता काम पर जा रही थी, तब आरोपी ने रास्ते में उसे रोककर अश्लील हरकतें कीं। शोर मचाने पर आरोपी वहां से भाग निकला।
शिकायत में आगे कहा गया है कि अगले दिन आरोपी ने फोन पर पीड़िता को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकियां दीं। इसके बाद 29 अप्रैल की रात को आरोपी दीवार फांदकर महिला के घर में घुस आया और उसके साथ जबरदस्ती करने का प्रयास किया। महिला के चिल्लाने पर जब परिजन और आस-पड़ोस के लोग इकट्ठा हुए, तो आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने अदालत के निर्देश पर विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।