
ग्रामीण सड़कों पर भारी वाहनों की आवाजाही पर लगेगी रोक, सारण डीएम ने दिए हाइट बैरियर लगाने के निर्देश..
#छपरा : सारण में ग्रामीण सड़कों को भारी वाहनों से होने वाले नुकसान से बचाने के लिए प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने समीक्षा बैठक में ग्रामीण सड़कों पर भारी व्यावसायिक वाहनों के परिचालन को नियंत्रित करने का निर्देश दिया।
समाहरणालय सभागार में आयोजित बैठक में जिलाधिकारी ने खासकर अवैध बालू परिवहन में इस्तेमाल होने वाले भारी वाहनों की आवाजाही रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा। इसके लिए ग्रामीण कार्य विभाग के अधिकारियों को चिह्नित स्थानों पर हाइट बैरियर लगाने का प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया गया है।
डीएम ने कहा कि ग्रामीण सड़कों की सुरक्षा, बेहतर संपर्कता और लंबी अवधि तक उपयोगिता बनाए रखने के लिए प्रभावी निगरानी जरूरी है। हाइट बैरियर लगने से भारी वाहनों के अनावश्यक परिचालन पर नियंत्रण लगेगा।
बैठक में नई ग्रामीण सड़कों की प्राथमिकता तय करने, सड़कों की अद्यतन सूची तैयार करने और उनकी वास्तविक स्थिति का सत्यापन कराने को लेकर भी निर्देश दिए गए। इसके साथ ही जलजमाव वाले स्थानों की पहचान कर जल निकासी की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया।
जिलाधिकारी ने लंबित ग्रामीण सड़क परियोजनाओं में आ रही भूमि या स्थानीय समस्याओं की सूची तैयार कर त्वरित समाधान कराने को कहा। बैठक में ग्रामीण कार्य विभाग के सारण जिले के चारों कार्य प्रमंडलों के कार्यपालक अभियंता उपस्थित रहे।
#ChhapraNews #SaranNews #SaranDM #RuralRoads #BiharUpdate District Administration Saran
Chapra, Saran | Jul 1, 2026