150 बीघा भूमि से अतिक्रमण हटाया,वन,राजस्व विभाग और पुलिस बल की संयुक्त टीम ने की प्रभावी कार्रवाई
शिवपुरी-सामान्य वनमण्डल शिवपुरी अंतर्गत वन भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत वन परिक्षेत्र कोलारस में बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 150 बीघा वन भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया है। यह कार्रवाई वन, राजस्व एवं पुलिस विभाग के संयुक्त दल द्वारा विधिवत वैधानिक प्रक्रिया पूर्ण करने के उपरांत की गई।
वन परिक्षेत्र कोलारस की सबरेंज कोलारस-बी की बीट सनवारा अंतर्गत आरएफ कक्ष क्रमांक 127 एवं 129 में लंबे समय से अतिक्रमणकर्ता अनील जादौन, सुघर सिंह यादव, बादाम यादव, उत्तम यादव एवं रिंका यादव व उसके अन्य साथी निवासीगण ग्राम बैड़ारी द्वारा वन भूमि पर अवैध अतिक्रमण किया गया था। प्रकरण में आवश्यक दस्तावेजी एवं कानूनी प्रक्रिया पूर्ण करने के बाद सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी बेदखली आदेश के पालन में संयुक्त अमले ने मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की।