
रैपुरा। रैपुरा विद्युत वितरण केंद्र अंतर्गत ग्राम भरवारा के जिमीदार मोहल्ला में लंबे समय से झूलती और जर्जर बिजली केबलें ग्रामीणों के लिए चिंता का विषय बनी हुई थीं। नीचे लटक रही केबलों के कारण हमेशा हादसे का खतरा बना रहता था, जिससे स्थानीय लोगों में भय और नाराजगी दोनों देखने को मिल रही थी।
मामला उजागर होने के बाद विद्युत विभाग ने तत्परता दिखाते हुए समस्या पर संज्ञान लिया। प्रभारी अधिकारी सत्यम सोनी के निर्देशन में विभागीय टीम मौके पर पहुंची और सुधार कार्य शुरू कराया। टीम ने जर्जर हो चुकी केबलों को व्यवस्थित किया तथा नीचे झूल रही तारों को सुरक्षित ऊंचाई पर स्थापित किया।
सुधार कार्य के बाद क्षेत्र की बिजली व्यवस्था पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित नजर आ रही है। इससे स्थानीय ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से चली आ रही इस समस्या का समाधान होने से अब दुर्घटना की आशंका काफी हद तक कम हो गई है।
ग्रामीणों ने उम्मीद जताई है कि भविष्य में भी विभाग इसी तरह जनसमस्याओं पर त्वरित कार्रवाई करता रहेगा, ताकि लोगों को समय पर राहत मिल सके और मूलभूत सुविधाएं सुचारु बनी रहें।
#खबर_का_असर #भरवारा #रैपुरा #बिजली_समस्या #जनसमस्या #ग्रामीण_राहत #पन्ना_समाचार #ग्राउंड_रिपोर्ट #जनहित_की_खबर