संतकबीरनगर में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, 235 किलो महुआ लहन नष्ट, 4 लीटर कच्ची शराब बरामद
संतकबीरनगर। जिलाधिकारी के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत आबकारी विभाग ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 235 किलोग्राम महुआ लहन नष्ट किया और 4 लीटर कच्ची शराब बरामद की।
जिला आबकारी अधिकारी संजय कुमार ने बताया कि आबकारी निरीक्षक विजय आनन्द (क्षेत्र-1, खलीलाबाद) तथा आबकारी निरीक्षक प्रवर्तन-2, बस्ती प्रभार अपनी टीम के साथ थाना कोतवाली क्षेत्र के ग्राम राउतपार एवं आसपास के इलाकों में सघन छापेमारी की।कार्रवाई के दौरान अवैध शराब बनाने के लिए तैयार करीब 235 किलोग्राम महुआ लहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। वहीं 4 लीटर कच्ची शराब भी बरामद की गई। मामले में संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ उत्तर प्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की गई।जिला आबकारी अधिकारी ने कहा कि जनपद में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे कारोबार में लिप्त लोगों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।