
आईजीआरएस की रैंकिंग प्रभावित हुई तो तय होगी जिम्मेदारी: डीएम
भाटपार रानी के एडीओ पंचायत का एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश
#देवरिया। आईजीआरएस प्रकरणों के निस्तारण में लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण में कमी से जिले की रैंकिंग प्रभावित हुई तो संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाएगी। यह निर्देश जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित आईजीआरएस प्रकरणों की समीक्षा बैठक में दिए।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिकायत का निर्धारित समय में निस्तारण किया जाए। शिकायतकर्ता से संपर्क कर उसका पक्ष जानने के साथ समस्या के समाधान के बाद उसकी संतुष्टि भी प्राप्त की जाए। निस्तारण आख्या में शिकायत की श्रेणी, तथ्यों और की गई कार्रवाई का स्पष्ट उल्लेख होना चाहिए।
समीक्षा के दौरान लापरवाही मिलने पर डीएम ने एडीओ पंचायत, भाटपार रानी का एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को चेताया कि किसी शिकायत का औपचारिक, तथ्यहीन या नियमविरुद्ध निस्तारण न किया जाए। आईजीआरएस, शासन संदर्भ और मुख्यमंत्री कार्यालय समेत विभिन्न स्तरों से प्राप्त शिकायतों का पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में एडीएम प्रशासन प्रेम नारायण सिंह, सभी बीडीओ, एडीओ पंचायत और जनपद स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
Barhaj, Deoria | Oct 5, 2026