गिरिडीह: जिले के देवरी प्रखंड अंतर्गत मानिकबाद में दुर्गापूजा समापन के बाद आयोजित मगही गायक रोशन रोही के स्टेज शो के दौरान अचानक हंगामा होने की सूचना सामने आई है। कार्यक्रम में विवाद के बाद अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मारपीट, पत्थरबाजी और पुलिस लाठीचार्ज की भी चर्चा है, हालांकि इन घटनाओं की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
जानकारी के अनुसार, पवन बिहारी के सौजन्य से आयोजित इस कार्यक्रम में रोशन रोही, निशा दुबे समेत अन्य कलाकारों की प्रस्तुति प्रस्तावित थी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में दर्शक पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि तीन-चार गानों की प्रस्तुति के बाद अचानक विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते हंगामे में बदल गया।
घटना के बाद कार्यक्रम स्थल पर भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न होने की बात कही जा रही है। पुलिस लाठीचार्ज में कई लोगों के घायल होने की सूचना भी सामने आई है, लेकिन घायलों की संख्या और विवाद की वजह स्पष्ट नहीं है।
फिलहाल पुलिस और प्रशासन के आधिकारिक बयान का इंतजार है। पुष्टि के बाद ही घटना की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
#GiridihNews #Giridih #Devri #Roshanrohi #NishaDubey