आंदोलन समाप्त करने का जल्द ऐलान संभव...
झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे छात्रों और राज्य सरकार के बीच रविवार को नए दौर की बातचीत हुई। सूत्रों के अनुसार इस बातचीत में कई मांगों पर सहमति बन गई है। राज्य सरकार 14वीं जेपीएससी पीटी परीक्षा समेत तीन को रद्द करने और गड़बड़ी-भ्रष्टाचार मामले की जांच ईडी को सौंपने के लिए तैयार है। 90 दिनों के अंदर सीआईडी की जांच प्रक्रिया पूरी कर लेने का भरोसा दिलाया गया है। परीक्षा कराने वाली एजेंसी टीडीपीएल की ओर से आयोजित अन्य परीक्षाओं की जांच का भी आश्वासन दिया गया है। इसके अलावा परीक्षा में सुधार के लिए ठोस कदम उठाने का भरोसा दिलाया गया है। साथ ही जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षा प्रणाली में सुधार के लिए एक कमेटी बनाने पर भी सहमति बनी है। कमेटी में शिक्षाविद और विशेषज्ञ शामिल होंगे। छात्रों की ओर अब जल्द ही आंदोलन समाप्त करने का ऐलान किए जाने की संभावना है।
Namkum, Ranchi | Aug 9, 2026