
बिसाऊ। केंद्रीय रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव के राजस्थान दौरे के मद्देनजर कस्बेवासियों के प्रतिनिधिमंडल ने यूथ कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष इस्माईल तंवर के नेतृत्व में रेल सुविधाओं के विस्तार की मांग को लेकर स्टेशन मास्टर पवन मीणा को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में बिसाऊ रेलवे स्टेशन पर अधिक एक्सप्रेस एवं सुपरफास्ट ट्रेनों के ठहराव, नई डेमू ट्रेन के संचालन, प्लेटफार्म की ऊंचाई बढ़ाने, फुट ओवरब्रिज निर्माण, ऑटो स्टैंड एवं पार्किंग सुविधा विकसित करने सहित स्टेशन के सौंदर्यीकरण की मांग की गई।
इस्माईल तंवर ने बताया कि रेलमंत्री का विशेष रेल रेक बिसाऊ से होकर गुजरा, लेकिन यहां नहीं रुका। ऐसे में रेलमंत्री तक क्षेत्रवासियों की मांग पहुंचाने के लिए स्टेशन मास्टर को ज्ञापन सौंपा गया है। उन्होंने कहा कि बिसाऊ स्टेशन उत्तर पश्चिम रेलवे के जयपुर मंडल का इस मार्ग पर अंतिम स्टेशन है तथा राजस्व और यात्री भार के मामले में आसपास के कई स्टेशनों से बेहतर प्रदर्शन करता है। इसके बावजूद यहां वर्तमान में केवल एक एक्सप्रेस ट्रेन का ही ठहराव है।
उन्होंने बताया कि अरावली एक्सप्रेस के ठहराव के लिए क्षेत्रवासियों को लगभग दो वर्ष तक संघर्ष करना पड़ा था। उस समय रेलवे प्रशासन ने राजस्व और यात्री भार के आधार पर अन्य ट्रेनों के ठहराव पर विचार करने का आश्वासन दिया था, लेकिन आज तक किसी अन्य एक्सप्रेस या सुपरफास्ट ट्रेन का ठहराव स्वीकृत नहीं किया गया है।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि स्टेशन का प्लेटफार्म अपेक्षाकृत नीचा होने के कारण यात्रियों को चढ़ने-उतरने में परेशानी होती है। वहीं फुट ओवरब्रिज के अभाव में यात्रियों को एक प्लेटफार्म से दूसरे प्लेटफार्म तक पहुंचने के लिए पटरियां पार करनी पड़ती हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। इसके अलावा ऊंटवालिया रोड की ओर स्टेशन का दूसरा प्रवेश द्वार बनाने, स्टेशन परिसर में ऑटो स्टैंड एवं वाहन पार्किंग विकसित करने तथा भव्य प्रवेश द्वार और तिरंगा सेल्फी प्वाइंट स्थापित करने की मांग भी की गई।
इस अवसर पर इलियास पार्षद, आबिद सैयद, इशाक सैयद, जावेद तंवर, महमूद सैयद, इमरान तंवर, इलियास तंवर, प्रदीप, सलीम कुरैशी, अब्दुल्लाह कुरैशी, वाहिद तंवर, इदरीश तंवर एवं खालिद कुरैशी सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।
#bissau #trains #railway #trainstop #jhunjhunu Kunj Bihari Birmiwala
Churu, Churu | Jun 21, 2026