
*करोड़ों की इमारत , पहली ही परीक्षा में ढह गई सीढ़ियां*
*बिंदकी में निर्माणाधीन भवन का आरसीसी से निर्मित सीढ़ी का ढांचा भरभराकर गिरा*
*मजदूर घायल , गुणवत्ता पर उठे गंभीर सवाल*
यूपी हेड ब्यूरो नागेंद्र / नीलकमल
फतेहपुर यूपी । करोड़ों रुपये की लागत, सरकारी योजना और निर्माणाधीन इमारत, उम्मीद थी कि यहां मजबूत और टिकाऊ भवन खड़ा होगा , लेकिन बुधवार दोपहर निर्माणाधीन भवन की आरसीसी से बनी पक्की सीढ़ियां अचानक भर भराकर गिर पड़ीं । हादसे में काम कर रहा एक मजदूर घायल हो गया । संयोग अच्छा रहा कि उस वक्त आसपास मौजूद अन्य मजदूर सीढ़ियों की चपेट में नहीं आए , वरना तस्वीर बेहद भयावह हो सकती थी।
मामला बिंदकी स्थित रामलीला मैदान व हनुमान मंदिर के बगल में बन रहे भवन का है । बताया जा रहा है कि उत्तर प्रदेश सरकार की बंदन योजना के तहत इस निर्माण कार्य के लिए करीब 1 करोड़ 18 लाख रुपये का टेंडर हुआ है । अभी भवन पूरी तरह तैयार भी नहीं हुआ और निर्माण के दौरान ही सीढ़ियों का ढह जाना अपने पीछे कई सवाल छोड़ गया है ।
बुधवार को करीब 12 बजे मजदूर रोज की तरह निर्माण कार्य में जुटे थे । इसी दौरान अचानक आरसीसी युक्त पक्की सीढ़ियां भरभराकर नीचे आ गिरीं । अचानक हुए हादसे से मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई । सीढ़ियों की चपेट में आने से राकेश कुमार नामक मजदूर घायल हो गया । राहत की बात यह रही कि उसे मामूली चोटें ही आने की जानकारी है । लेकिन हादसा एक बड़ा सवाल छोड़ गया ,जिस भवन की नींव और ढांचा जनता के पैसे से तैयार हो रहा है , उसकी मजबूती की जिम्मेदारी आखिर किसकी है । क्या जिम्मेदार सो रहे हैं ? या फिर डकार ले रहे हैं ?