
ओटीएस योजना-2026 करदाताओं के लिए लंबित मामलों के निपटान का सुनहरा अवसर : डीईटीसी
हांसी, 3 जून। जिला सचिवालय परिसर स्थित ईटीओ कार्यालय में राज्य सरकार की ओटीएस (वन टाइम सेटलमेंट) योजना-2026 के संबंध में एक महत्वपूर्ण जागरूकता एवं परिचर्चा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता डीईटीसी
तरुणा लाम्बा (एसटी), हिसार ने की। बैठक में क्षेत्र के अधिवक्ताओं तथा कर सलाहकारों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
बैठक को संबोधित करते हुए डीईटीसी ने उपस्थित कर पेशेवरों को ओटीएस योजना-2026 के विभिन्न प्रावधानों, पात्रता मानदंडों, आवेदन प्रक्रिया तथा योजना के तहत मिलने वाली राहतों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा शुरू की गई यह योजना लंबित कर विवादों एवं बकाया कर मामलों के त्वरित और प्रभावी निपटान के लिए एक महत्वपूर्ण पहल है। इससे करदाताओं को पुराने मामलों से राहत मिलेगी तथा विभाग और करदाताओं के बीच लंबित मामलों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित हो सकेगा।
उन्होंने बताया कि योजना के तहत पात्र करदाताओं को निर्धारित शर्तों के अनुसार विशेष राहत प्रदान की जाएगी। ऐसे में जिन करदाताओं के कर संबंधी मामले लंबित हैं, वे इस अवसर का लाभ उठाकर अपने मामलों का समाधान कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि यह योजना न केवल करदाताओं के लिए लाभकारी है बल्कि राजस्व प्रशासन को भी अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनाने में सहायक सिद्ध होगी।
बैठक के दौरान अधिवक्ताओं, चार्टर्ड अकाउंटेंट्स एवं कर सलाहकारों ने योजना से जुड़े विभिन्न प्रश्न, सुझाव एवं जिज्ञासाएं भी अधिकारियों के समक्ष रखीं। विभागीय अधिकारियों ने सभी प्रश्नों का विस्तारपूर्वक उत्तर देते हुए योजना के विभिन्न पहलुओं को स्पष्ट किया।
अधिकारियों ने उपस्थित कर पेशेवरों से अपील की कि वे अधिक से अधिक करदाताओं को ओटीएस योजना-2026 के बारे में जागरूक करें तथा उन्हें योजना का लाभ उठाने के लिए प्रेरित करें, ताकि अधिक से अधिक लंबित मामलों का समयबद्ध निपटान संभव हो सके।
बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई तथा सभी प्रतिभागियों ने योजना को सफल बनाने और करदाताओं तक इसकी जानकारी पहुंचाने में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर ईटीओ मुकेश कुमार गौतम, टैक्सेशन इंस्पेक्टर जोगेन्द्र सिंह, टैक्सेशन इंस्पेक्टर शैलेंद्र कुमार सहित विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
Haryana, India | Jun 3, 2026