सुरक्षा के लिए जरूरत पड़े तो अतिरिक्त बल बुलाओ, 9 अक्टूबर को अनुपालन रिपोर्ट पेश करो
नई दिल्ली। किच्छा और सिरौलीकलां नगर पालिका चुनाव की मतगणना को लेकर चल रहा इंतजार अब खत्म होने जा रहा है। सुप्रीम कोर्ट ने मामले की सुनवाई करते हुए दोनों निकायों की मतगणना 7 अक्टूबर को कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही अदालत ने 9 अक्टूबर को मतगणना संबंधी आदेश के अनुपालन की रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा है। मतगणना के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। किच्छा निवासी सभासद प्रत्याशी अलीना मलिक की ओर से मतगणना को लेकर सुप्रीम कोर्ट में विशेष अनुमति याचिका दाखिल की गई थी। याचिका अलीना मलिक बनाम स्टेट ऑफ उत्तराखंड एंड अदर्स के नाम से दाखिल हुई है। मामले का केस नंबर SLP(C) No. 35514/2026 है। मामले की सुनवाई सुप्रीम कोर्ट की तीन सदस्यीय पीठ ने की। पीठ में न्यायमूर्ति विक्रम नाथ,न्यायमूर्ति ऑगस्टीन जॉर्ज मसीह और न्यायमूर्ति संदीप मेहता शामिल रहे।