
बिलासपुर में 50 ग्राम चिट्टे के साथ मंडी का 34 वर्षीय युवक गिरफ्तार
ढलियार फोरलेन पर नाकाबंदी के दौरान पुलिस को मिली कामयाबी, सप्लाई नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस
बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बिलासपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ढलियार फोरलेन पर एक मोटरसाइकिल सवार युवक से करीब 50 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मोटरसाइकिल भी कब्जे में ले ली है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान पंकज (34) निवासी गांव भिउरा, डाकघर कुम्मी, तहसील बल्ह, जिला मंडी के रूप में हुई है। पुलिस थाना सदर की टीम ने ढलियार फोरलेन पर नाकाबंदी के दौरान यह कार्रवाई की।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब पुलिस इस बात का पता लगाने में जुटी है कि आरोपी चिट्टा कहां से लेकर आया था और इसकी सप्लाई किसे की जानी थी। साथ ही मामले के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि नशे की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका का भी पता लगाया जा सके।
बिलासपुर के पुलिस अधीक्षक अभिषेक धीमान ने कहा कि जिले में नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा।
न्यूज टुडे हिमाचल