
मझुआ पश्चिम पंचायत में ग्राम सभा और विकास योजनाओं की जांच की मांग
रानीगंज। ग्राम पंचायत मझुआ पश्चिम में ग्राम सभा एवं आम सभा की प्रक्रिया तथा पंचायत में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की जांच कराने की मांग उठी है। इस संबंध में युवा जदयू के प्रखंड अध्यक्ष सह 20 सूत्री सदस्य, रानीगंज प्रिंस कुमार ने 20 सूत्री कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी को आवेदन देकर जांच की मांग की है।
आवेदन में प्रिंस कुमार ने कहा है कि पंचायत में ग्राम सभा एवं आम सभा के आयोजन की सूचना आम ग्रामीणों को समुचित रूप से नहीं दिए जाने तथा विकास योजनाओं में पारदर्शिता और निर्धारित प्रक्रिया का पालन नहीं होने की शिकायतें मिल रही हैं। उन्होंने पंचायत में संचालित विभिन्न योजनाओं की स्वीकृत राशि, कार्य की गुणवत्ता, लाभुकों के चयन एवं संबंधित अभिलेखों की जांच कराने की मांग की है।
उन्होंने ग्राम सभा एवं आम सभा की सूचना व कार्यवाही पंजी, ग्रामीणों की वास्तविक उपस्थिति, प्रशासनिक एवं तकनीकी स्वीकृति, प्राक्कलन, मापी पुस्तिका (एमबी), भुगतान एवं वित्तीय अभिलेखों की जांच कराने की मांग की है। साथ ही योजनाओं का स्थल निरीक्षण कर कार्य की गुणवत्ता एवं वास्तविक स्थिति की जांच तथा लाभुक चयन प्रक्रिया की भी जांच कराने का आग्रह किया गया है।
आवेदन में पंचायत की पूर्ण, अपूर्ण एवं लंबित योजनाओं की अलग-अलग सूची तैयार करने तथा जांच के दौरान किसी प्रकार की वित्तीय अनियमितता या नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर संबंधित दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की गई है।
प्रिंस कुमार ने कहा कि निष्पक्ष जांच से पंचायत में पारदर्शिता, जवाबदेही और विकास कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित हो सकेगी। उन्होंने जांच प्रतिवेदन की प्रति जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों को उपलब्ध कराने की भी मांग की है।
वहीं, इस मामले को लेकर रानीगंज प्रखंड विकास पदाधिकारी रूबी कुमारी ने बताया कि पंचायतों की जांच की जाएगी।