
बुद्ध चेतना परिषद, छपरा द्वारा वार्षिकोत्सव सह सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन प्रोबेशन पदाधिकारी सचिदानन्द सिंह, ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉ. उज्जवल कुमार वर्मा, प्लास्टिक सर्जन डॉ. शशि कपूर, प्राध्यापक प्रो. डॉ. दिनेश कुमार सिंह सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस अवसर पर मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण 100 से अधिक मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। वहीं, बीपीएससी से चयनित अल्पसंख्यक पदाधिकारी मोनू कुमार को भी सम्मानित किया गया। उन्होंने छात्रों को लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत करने और सफलता हासिल करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. मनोज संकल्प ने घोषणा की कि परिषद मैट्रिक उत्तीर्ण विद्यार्थियों के लिए एक प्रतियोगी परीक्षा आयोजित करेगी। इस परीक्षा में सफल होने वाले कम से कम 21 विद्यार्थियों को एक वर्ष तक प्रतिमाह ₹500 की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। परीक्षा का संचालन प्राचार्य डॉ. शत्रुघ्न प्रसाद परीक्षा नियंत्रक के रूप में करेंगे। इसके साथ ही चयनित विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के लिए आवश्यक पाठ्यक्रम की पुस्तकें भी निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी।
परिषद की इस पहल को आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के लिए शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में महत्वपूर्ण सहयोग माना जा रहा है।
Chapra, Saran | Jul 28, 2026