
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर से विपक्ष पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि गोरखपुर से मच्छर और माफिया खत्म हुए तो विकास तेजी से हुआ है। साथ ही, उन्होंने समाजवादी पार्टी का मतलब भी समझा दिया। सीएम योगी ने कहा कि समाजवादी पार्टी का मतलब बदमाश को बुलावा देना। भारतीय जनता पार्टी का मतलब उन्होंने बदलाव का सारथी बन जाना बताया। सीएम योगी आदित्यनाथ ने रविवार शाम गोरखपुर में 495 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से गोड़धोइया नाले के पहले चरण का लोकार्पण किया। इसके अलावा 880 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बनने वाले दूसरे चरण, गोरखपुर सीवरेज योजना और गोड़धोइया नाले के समानांतर प्रस्तावित सर्विस रोड का शिलान्यास किया।
सपा पर साधा निशाना
सीएम योगी ने कार्यक्रम के दौरान विकास परियोजना की जानकारी देते हुए कहा कि यह कार्य केवल पूरा नहीं हुआ बल्कि इसके साथ ही हमने गोरखपुर के मच्छर और माफिया को समाप्त करने की पहली परियोजना भी पूरी कर दी है। उन्होंने कहा कि जब कोई शहर मच्छर और माफिया से मुक्त होता है तो वहां विकास तेजी से होता है। सपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि यह समाजवादी पार्टी तो माफिया प्रवृत्ति की पार्टी है। इन लोगों की प्रवृत्ति है कि जब भी मौका मिला, जमीन पर कब्जा करना। सीएम योगी ने उदाहरण देते हुए कहा कि गोरखपुर के जेल रोड पर एक प्रतिष्ठित परिवार की दो हवेलियां थीं और सपा सरकार के समय उन पर कब्जा करने का प्रयास किया गया था। उन्होंने कहा कि आप लोग आश्चर्य करेंगे कि उस रईस परिवार ने दोनों हवेलियों को गिरा दिया। जब मैंने उनसे पूछा कि ऐसा क्यों किया तो उन्होंने कहा कि कम से कम जमीन तो हमारे कब्जे में रहेगी, वरना सपा के माफिया उस पर कब्जा कर लेंगे।
योगी ने एक अन्य उदाहरण देते हुए कहा कि आर्य नगर में भी एक हवेली पर कब्जा करने का प्रयास किया गया था। मुख्यमंत्री ने कहा कि सांसद रहते हुए वह वहां गए थे और उन्होंने जनता से कहा था कि इन गुंडों को पकड़-पकड़कर मारो। सीएम ने कहा कि आज किसी गरीब, व्यापारी या सम्मानित नागरिक की जमीन पर कब्जा करने से पहले 10 बार सोचना पड़ेगा, क्योंकि कब्जा करने का मतलब उन्हें मालूम है कि अगले पल क्या हिसाब होने वाला है।
#cmyogi #bjp #gorakhpur