पुलिस को देखकर भागने लगा अपाचे सवार, तलाशी में देसी पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद,
शिवहर:जिले के श्यामपुर भटहां थाना क्षेत्र के मानपुर चौक पर सोमवार को गश्ती के दौरान पुलिस ने एक अपाचे बाइक सवार युवक को अवैध हथियार और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार युवक की पहचान मानपुर गांव निवासी अविनाश कुमार के रूप में की गई है।मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस की गश्ती टीम मानपुर चौक पर मौजूद थी। इसी दौरान अपाचे बाइक पर सवार एक युवक पुलिस को देखकर भागने लगा। युवक की संदिग्ध गतिविधियों को देखते हुए पुलिस ने उसे रोककर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान उसके पास से एक अवैध देसी पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
हथियार और कारतूस बरामद होने के बाद पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में श्यामपुर भटहां थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अविनाश कुमार का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके विरुद्ध श्यामपुर भटहां थाना में अलग-अलग पांच मामले दर्ज हैं। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।