
*एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत एमएलएन मेडिकल कॉलेज परिसर में 1090 पौधों का वृक्षारोपण*
उत्तर प्रदेश सरकार के "एक पेड़ माँ के नाम" महाअभियान के अंतर्गत मोतीलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज, प्रयागराज, स्वरूप रानी नेहरू चिकित्सालय (SRN), एस.एन. चिल्ड्रेन हॉस्पिटल तथा एम.डी.आई. हॉस्पिटल परिसर में रविवार प्रातः व्यापक वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान के दौरान विभिन्न परिसरों में 1090 पौधे रोपे गए तथा सभी प्रतिभागियों ने उनके संरक्षण एवं नियमित देखभाल का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाचार्य प्रो. (डॉ.) ए. के. वर्मा के नेतृत्व में किया गया। इस अवसर पर उप प्रधानाचार्य प्रो. (डॉ.) मोहित जैन ने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, हरित और स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित करने का सामाजिक दायित्व है। उन्होंने सभी से लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने का आग्रह किया।
एम.डी.आई. हॉस्पिटल की वरिष्ठ प्रोफेसर डॉ. क्षमा द्विवेदी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि प्रत्येक लगाए गए पौधे की नियमित देखभाल और संरक्षण भी हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान प्रकृति, मातृत्व और आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी संवेदनशीलता का प्रतीक है तथा सभी को इसमें सक्रिय सहभागिता निभानी चाहिए।
स्वरूप रानी नेहरू चिकित्सालय की प्रमुख अधीक्षक डॉ नीलम सिंह
ने कहा कि बच्चों में पर्यावरण संरक्षण के संस्कार विकसित करना समय की आवश्यकता है। ऐसे अभियान भावी पीढ़ी को प्रकृति के प्रति संवेदनशील और जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा देते हैं।
इस अवसर पर डॉ कमलेश सोनकर,डॉ. रीना, डॉ. अनिल सिंह, डॉ. दया राम, डॉ. मान सिंह, डॉ. अमृता चौरसिया, डॉ. बीनू, डॉ. खुर्शीद, डॉ. जितेन्द्र शुक्ला, डॉ. सूर्यभान, विभिन्न विभागाध्यक्षों, संकाय सदस्यों, रेजिडेंट चिकित्सकों, नर्सिंग अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और परिसर को अधिक हरित एवं पर्यावरण अनुकूल बनाने का संकल्प लिया।
अंत में प्रधानाचार्य प्रो. (डॉ.) ए. के. वर्मा ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मेडिकल कॉलेज परिवार पर्यावरण संरक्षण के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि लगाए गए प्रत्येक पौधे का संरक्षण और संवर्धन भी सुनिश्चित किया जाएगा, जिससे आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं हरित वातावरण उपलब्ध हो सके।
Bara, Allahabad | Jul 12, 2026