
मसानी बैराज व साबी नदी में छोड़े जा रहे गंदे पानी को लेकर बैठक बुलाई
3 अगस्त को ट्रैक्टर यात्रा निकालने का लिया निर्णय
(रेवाड़ी समाचार पंकज कुमार।)
धारूहेड़ा स्थित मसानी बैराज और साबी नदी के पर्यावरण संरक्षण व इसमें छोड़े जा रहे गंदे पानी को लेकर सोमवार को मसानी पंचायत घर में अनेक गांवों के लोगों की एक बैठक हुई। अध्यक्षता मास्टर धर्म पाल निखरी ने की। बैठक में 3 अगस्त को मसानी से ट्रैक्टर यात्रा निकालने का निर्णय लिया गया।
संयोजक कमल सिंह यादव ने कहा कि रेवाड़ी से जड़थल तक पाइपलाइन दबाकर गंदा पानी साबी नदी में डाला जा रहा है। मसानी बैराज से मौजाबाद गांव तक भी गंदा पानी निकालने के लिए पाइप डाली जा रही है। बैठक में मांग की गई कि जड़थल से मसानी बैराज तक करीब 6 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन दबाई जाए। इससे गंदे पानी की समस्या का स्थाई समाधान होगा। प्रभावित गांवों को गंदगी से राहत मिलेगी। दूसरी मांग रखी गई कि जवाहरलाल नेहरू कैनाल से लाल बहादुर शास्त्री कैनाल के रास्ते जड़थल रिचार्ज में साफ पानी डालकर इसे दोबारा शुरू किया जाए। इससे इलाके में खुशहाली आएगी। उन्होंने कहा कि मसानी बैराज पर्यटन स्थल के रूप में विकसित हो सकेगा। यह जयपुर-दिल्ली नेशनल हाईवे पर स्थित है। उन्होंने कहा कि उक्त मांगों की आरे सरकार व प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने केलिए 3 अगस्त को गांव मसानी से ट्रैक्टर यात्रा निकाली जाएगी। इस मिशन के लिए 15 सदस्यों की कमेटी बनाई गई। इस मौके पर नवल पूर्व सरपंच, संजय सिंह सरपंच मसानी, निहाल नंबरदार खरखड़ा, रामफल, हनीस शर्मा जीतपुरा, दिनेश व राजेश रसगन, बिसन नंबरदार रालियावास, शेरसिंह व देवेन्द्र निगानियावास, वैभव यादव भटसाना, धीरज यादव व महाबीर खलियावस मौजूद रहे।
Rewari, Rewari | Jul 27, 2026