
सिरसा के दादा भोमिया मंदिर से कैश चोरी:चोर ने दानपात्र खाली कर लगाया दूसरा ताला; 11 दिन बाद खुलासा....
सिरसा जिले की उप तहसील गोरीवाला स्थित दादा भोमिया मंदिर में चोरी की एक अनोखी घटना सामने आई है। एक अज्ञात चोर ने मंदिर के दानपात्र से नकदी चुराने के बाद उस पर अपना नया ताला लगा दिया। इस कारण कई दिनों तक किसी को चोरी का पता नहीं चल पाया।
मंदिर प्रबंधक कमेटी के अनुसार, यह घटना तब सामने आई, जब करीब 5-6 महीने बाद दानपात्र खोलने की प्रक्रिया शुरू की गई। दानपात्र का ताला खोलने का प्रयास करने पर चाबी नहीं लगी। जांच में पता चला कि दानपात्र पर लगा ताला बदला जा चुका था। इसके बाद मामले की शिकायत गोरिवाला पुलिस चौकी में दर्ज कराई गई।
सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
मंदिर सेवादारों ने बताया कि चोरी का खुलासा करीब 10-11 दिन बाद हुआ। सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर पूरी वारदात सामने आ गई। फुटेज के अनुसार, 23 मई की दोपहर एक अज्ञात युवक मंदिर में प्रवेश करता है। वह कुछ ही मिनटों में दानपात्र का ताला तोड़कर उसमें रखी नकदी चोरी कर लेता है। इसके बाद वह अपने साथ लाया गया नया ताला दानपात्र पर लगा देता है, ताकि किसी को चोरी का संदेह न हो।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
मंदिर प्रबंधन ने पुलिस से आरोपी की पहचान कर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। इस घटना से क्षेत्र के श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में रोष है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।
#sirsa #police #thief #crime #takkartoay #beakingnews
Sirsa, Sirsa | Jun 5, 2026