
नेताजी की पुण्यतिथि पर अखिलेश यादव ने दी श्रद्धांजलि, कहा—‘पीडीए के प्रकाशस्तंभ’ बनकर हमेशा राह दिखाते रहेंगे नेताजी
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने नेताजी मुलायम सिंह यादव की पुण्यतिथि पर उन्हें कोटि-कोटि नमन करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि समाजवादी सिद्धांतों के लिए समर्पित नेताजी का जीवन हम सभी के लिए सबसे बहुमूल्य धरोहर है।
अखिलेश यादव ने नेताजी के विचारों को याद करते हुए कहा कि मदद ही मानवता की पहली सीढ़ी है। नेताजी ने हमेशा सिखाया कि समाज के सबसे कमजोर व्यक्ति की ओर मदद का हाथ बढ़ाकर उसे अपना हमकदम बनाना चाहिए। उन्होंने भेदभाव मिटाने के साथ-साथ लोगों के मन में मौजूद भेदभाव की भावना को भी समाप्त करने पर जोर दिया।
अखिलेश यादव ने कहा कि केवल कागजों पर समानता लिख देने से वास्तविक बदलाव नहीं आएगा। जब तक समाज में मनमुटाव दूर नहीं होगा और पीड़ित, दुखी व अपमानित लोगों को न्याय और सम्मान नहीं मिलेगा, तब तक संघर्ष जारी रखना होगा।
उन्होंने कहा कि आज पीडीए के माध्यम से पीड़ितों और वंचितों को एकजुट करने के लिए प्रेम, दया और अपनापन को आधार बनाया जा रहा है। नेताजी स्वयं इन मूल्यों के जीवंत उदाहरण रहे हैं। अखिलेश यादव ने विश्वास जताया कि नेताजी हमेशा ‘पीडीए के प्रकाशस्तंभ’ बनकर समाज को सही दिशा दिखाते रहेंगे।
अंत में उन्होंने कहा कि नेताजी की हर स्मृति हम सभी के लिए प्रेरणा है। उन्होंने एक बार फिर नेताजी को कोटि-कोटि नमन करते हुए उनके विचारों और समाजवादी सिद्धांतों को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।
Akhilesh Yadav
Samajwadi Party