
कोलारस में तीन दिवसीय विकासखंड स्तरीय शिविर का हुआ शुभारंभ, विभिन्न योजनाओं के स्वीकृति पत्र वितरित किए
शिवपुरी-विश्व पर्यावरण दिवस से अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस तक संचालित विशेष अभियान के अंतर्गत जनपद पंचायत कोलारस परिसर में 16 से 18 जून 2026 तक आयोजित तीन दिवसीय विकासखंड स्तरीय जनकल्याण शिविर का शुभारंभ किया गया। शिविर का उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना तथा आमजन की समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करना है।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। इस दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना, वृद्धावस्था पेंशन योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की सीसी लिमिट तथा प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर आत्मनिर्भर निधि (पीएम स्वनिधि) योजना के हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। जनपद पंचायत अंतर्गत 75 लाख रुपए की राशि, नगर परिषद अंतर्गत 26 लाख रुपए की राशि से विभिन्न योजनाओं के तहत हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। साथ ही 50 लाख रुपए का 10 स्वसहायता समूहों को नगर साख सीमा का वितरण भी किया गया।
जनकल्याण शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं शहरी नागरिक पहुंचे और अपनी समस्याओं एवं आवेदन प्रस्तुत किए। विभिन्न विभागों के अधिकारियों द्वारा प्राप्त आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए अनेक प्रकरणों का मौके पर ही निराकरण किया गया। साथ ही नागरिकों को शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी प्रदान की गई।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नेहा यादव, जनपद पंचायत अध्यक्ष भरत सिंह चौहान, नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष रवीन्द्र शिवहरे, मंडल अध्यक्ष मंगल कुशवाह,मंडल महामंत्री दीपक जैन सहित जनपद सदस्य, सरपंच, सचिवगण, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री दिनेश शाक्य, ब्लॉक मैनेजर श्री संजय सिंह चौहान, आजीविका मिशन से जुड़ी महिला स्व-सहायता समूहों की सदस्याएं, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।