
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बड़वानी द्वारा पी.एल.वी. के लिए सी.आई.एस. एवं साइबर सुरक्षा पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित
25 जुलाई 2026.बड़वानी/मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बड़वानी द्वारा 25 जुलाई, 2026 को ए.डी.आर. सेंटर, जिला न्यायालय परिसर में पैरालीगल वालंटियर्स (PLV) के लिए 'सी.आई.एस. एवं साइबर सुरक्षा' विषय पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश व अध्यक्ष श्री महेन्द्र कुमार जैन द्वारा माँ सरस्वती के पूजन एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। अपने संबोधन में श्री जैन ने कहा कि इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य पी.एल.वी. को डिजिटल अदालती प्रक्रियाओं और साइबर फ्रॉड के प्रति प्रशिक्षित करना है, ताकि वे गाँव-गाँव और कस्बों में जाकर आमजन, विशेषकर पिछड़े व शोषित वर्ग को जागरूक कर साइबर अपराधों से बचा सकें। प्रशिक्षण सत्र में कंप्यूटर अनुभाग के श्री आशुतोष जाटवा एवं सचिव श्री अमूल मण्डलोई ने ई-कोर्ट सेवाओं, ऑनलाइन केस स्टेटस, कॉज लिस्ट तथा सी.आई.एस. (Case Information System) सॉफ्टवेयर के माध्यम से न्यायिक कार्यों में पारदर्शिता व गति लाने के तरीकों पर प्रकाश डाला। वहीं पुलिस विभाग से साइबर विशेषज्ञ उपनिरीक्षक श्री रितेश खत्री ने ऑनलाइन धोखाधड़ी, ओटीपी व पासवर्ड सुरक्षा, संदिग्ध लिंक से बचाव तथा साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 एवं राष्ट्रीय साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान बड़वानी सहित सेंधवा, राजपुर, अंजड़ एवं खेतिया के पी.एल.वी. की सक्रिय सहभागिता रही तथा कार्यक्रम में जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री रॉबिन दयाल भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।