
बयाना नगरपालिका की बैठक में उजागर हुईं गंभीर अनियमितताएं
बयाना विधायक डॉ. ऋतु बनावत ने शहर की नियमित सफाई, जलभराव और गंदगी की समस्याओं को लेकर नगरपालिका में आयोजित समीक्षा बैठक में भाग लिया। बैठक के दौरान नगरपालिका प्रशासन की कार्यप्रणाली में कई गंभीर लापरवाहियां सामने आईं।
विधायक ने बताया कि प्रारंभिक निरीक्षण में कार्यालय में हाजिरी रजिस्टर ही उपलब्ध नहीं मिला। हैरानी की बात यह रही कि हाजिरी रजिस्टर के कार्यालय में नहीं होने की जानकारी नगरपालिका के ईओ (अधिशासी अधिकारी) को भी नहीं थी।
बैठक में टेंडर प्रक्रिया को लेकर भी सवाल उठाए गए। आरोप है कि पिछले कई वर्षों से एक ही फर्म को लगातार लाभ पहुंचाया जा रहा है। साथ ही टेंडर संबंधी विज्ञापन ऐसे समाचार पत्रों में प्रकाशित किए जा रहे हैं, जिनका स्थानीय क्षेत्र में कोई प्रभावी पाठक वर्ग नहीं है, जिससे पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए विधायक ने जिला कलेक्टर से फोन पर संपर्क कर टेंडर प्रक्रिया में संभावित अनियमितताओं की जानकारी दी तथा पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने की अनुशंसा की।
विधायक ने कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था और नगरपालिका के कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता है तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
Weir, Bharatpur | Jun 12, 2026