
नेटवर्क मार्केटिंग की आड़ में 250 युवक-युवतियां बंधक, 20 हिरासत में
#वाराणसी। रोहनिया थाना क्षेत्र में नेटवर्क मार्केटिंग के नाम पर कथित तौर पर 250 युवक-युवतियों को बंधक बनाकर रखने का मामला सामने आया है। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सभी युवक-युवतियों को मुक्त कराया और कार्रवाई करते हुए 20 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पिछले करीब एक महीने से नेटवर्क मार्केटिंग के नाम पर युवाओं को जोड़ने का खेल चल रहा था। आरोप है कि ज्वाइनिंग के नाम पर प्रत्येक युवक-युवती से 20-20 हजार रुपये वसूले जाते थे। इसके बाद उन्हें शैंपू, साबुन समेत अन्य उत्पादों की बिक्री के नाम पर काम कराया जाता था।
बताया जा रहा है कि इस नेटवर्क में बिहार, झारखंड और उत्तर प्रदेश के कई जिलों के युवक-युवतियां शामिल थे। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस नेटवर्क का संचालन किन लोगों द्वारा किया जा रहा था तथा इसके तार अन्य जिलों तक कितने फैले हुए हैं।
सूत्रों के अनुसार, उत्तर प्रदेश के लखनऊ, हरदोई, सीतापुर, उन्नाव सहित कई जिलों में भी इस तरह के नेटवर्क मार्केटिंग गिरोह सक्रिय होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है।
Sadar, Lucknow | Jul 11, 2026