
*रीवा नगर निगम के कार्यों से नाराज नागरिकों का विरोध, आवास योजना में धांधली और जलभराव को लेकर निकाला पैदल मार्च*
*अभय वर्मा के नेतृत्व में प्रदर्शन, असली हितग्राहियों को नहीं मिला लाभ, प्रभावशाली लोगों को आवंटित हुए आवास*
रीवा नगर निगम के कार्यों से नाराज आम नागरिकों ने बड़ा विरोध प्रदर्शन किया। अभय वर्मा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में लोग विवेकानंद पार्क से अमहिया रोड की ओर पैदल मार्च करते हुए नगर निगम की कार्यप्रणाली के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि आवासीय योजना के तहत वास्तविक पात्र हितग्राहियों को लाभ नहीं दिया गया। जबकि सत्ता से जुड़े और प्रभावशाली लोगों को आवास आवंटित कर दिए गए।
*जांच और कार्रवाई की मांग*
नागरिकों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने कहा कि नगर निगम की लापरवाही के कारण शहर की बुनियादी सुविधाएं चरमरा गई हैं।
*पहली बारिश में उजागर हुई खामियां*
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जिले की पहली ही बारिश में शहर की सड़कों और नालियों की बदहाल व्यवस्था उजागर हो गई। जगह-जगह जलभराव, टूटी सड़कें और अव्यवस्थित जल निकासी के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि, पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर प्रदर्शनकारियों को बीच रास्ते में रोक दिया।