
4 लाख रुपए के विवाद में बड़े भाई ने छोटे भाई की क्रिकेट बैट से हत्या
बाड़मेर। जिले के शिव थाना क्षेत्र के पूषड़ गांव में पैसों के लेन-देन को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। बड़े भाई ने क्रिकेट बैट से ताबड़तोड़ हमला कर अपने सगे छोटे भाई की हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर शिव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
शिव थानाधिकारी डॉ. मनोहर विश्नोई ने बताया कि पूषड़ निवासी तोगाराम मेघवाल के दो बेटे जेठाराम और सुरेश कुमार (27) पिछले करीब तीन वर्षों से अलग-अलग रह रहे थे। सुरेश गांव के पैतृक मकान में रहता था, जबकि जेठाराम गांव की सरहद पर खेत में बने मकान में अपने परिवार और पिता के साथ रहता था। दोनों खेती का काम करते थे।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि तोगाराम की जमीन सोलर कंपनी को दी गई थी, जिसके बदले परिवार को 4 लाख रुपए मिले थे। आरोप है कि पूरी राशि बड़े भाई जेठाराम ने अपने पास रख ली और छोटे भाई को हिस्सा नहीं दिया। इसी बात को लेकर दोनों भाइयों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था।
गुरुवार रात सुरेश अपनी पत्नी के साथ पिता से मिलने खेत स्थित मकान पर पहुंचा और रुपए नहीं मिलने की शिकायत की। इसी दौरान दोनों भाइयों में कहासुनी हो गई। गुस्से में जेठाराम ने घर में रखा क्रिकेट बैट उठाकर सुरेश के सिर पर लगातार कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण सुरेश की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के समय पिता तोगाराम और सुरेश की पत्नी भी मौके पर मौजूद थे। दोनों ने बीच-बचाव का प्रयास किया, लेकिन आरोपी ने किसी की नहीं सुनी।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया और बाद में परिजनों को सौंप दिया। मृतक के पिता तोगाराम की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी बड़े भाई जेठाराम के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।