
उजियारपुर में यात्री शेड निर्माण पर उठे सवाल, पुराने जंग लगे ग्रिल के इस्तेमाल और घटिया निर्माण सामग्री का आरोप।
उजियारपुर (समस्तीपुर)। उजियारपुर प्रखंड के गवपुर पंचायत में जिला परिषद क्षेत्र संख्या-28 के अंतर्गत निर्मित यात्री शेड को लेकर स्थानीय लोगों ने गंभीर सवाल खड़े किए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य में मानकों की अनदेखी करते हुए पुराने एवं जंग लगे ग्रिल का उपयोग किया गया है। साथ ही निर्माण सामग्री की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सार्वजनिक उपयोग के लिए बनाए जा रहे यात्री शेड में नई सामग्री के बजाय पुराने घरों से निकाले गए ग्रिल जैसी सामग्री लगाई गई है, जिससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता संदिग्ध प्रतीत होती है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि योजना की राशि खर्च होने के बावजूद कार्य मानक के अनुरूप नहीं किया गया।
बताया जाता है कि उक्त यात्री शेड का निर्माण जिला पार्षद क्षेत्र संख्या-28 की पार्षद रिंकी कुमारी की अनुशंसा पर कराया गया है। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और लोग निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते जांच नहीं हुई तो सरकारी योजनाओं में अनियमितता करने वालों का मनोबल बढ़ेगा। वहीं संबंधित विभाग के अधिकारियों से इस मामले में जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की जा रही है।
हालांकि, इस संबंध में संबंधित संवेदक एवं विभागीय अधिकारियों का पक्ष प्राप्त नहीं हो सका है। उनका पक्ष मिलने पर समाचार में प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।
#Ujiarpur #Samastipur #GavpurPanchayat #YatriShed #DistrictCouncil #RinkiKumari #ConstructionScam #CorruptionAlert #BiharNews #LocalNews #DevelopmentWork #PublicFunds #StreamBihar #समस्तीपुर #उजियारपुर #बिहार_समाचार #यात्री_शेड #निर्माण_कार्य #जांच_की_मांग #स्ट्रीम_बिहार