
मंडी में नशे के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 161 ग्राम चरस के साथ बाइक सवार गिरफ्तार
पद्धर। मंडी जिले के पद्धर उपमंडल में पुलिस ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 161 ग्राम चरस बरामद की है। टिक्कन पुलिस चौकी की टीम ने घटासणी-बरोट मार्ग पर फियुनगलू के पास नाकाबंदी के दौरान एक बाइक सवार को पकड़ा।
जानकारी के अनुसार, मुख्य आरक्षी अशोक कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक बाइक सवार पुलिस नाके को देखकर घबरा गया और बाइक पीछे रोककर अपनी जेब से एक पॉलीथीन बैग फेंकने लगा। पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे पकड़ लिया। बैग की तलाशी लेने पर उसमें से 161 ग्राम चरस बरामद हुई।
पुलिस ने आरोपी की पहचान अशोक कुमार निवासी गांव ट्रेंबला, डाकघर लोगनी, तहसील सरकाघाट के रूप में की है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी चरस कहां से लाया था और इसकी सप्लाई कहां की जानी थी। मामले में आगामी जांच जारी है।
न्यूज टुडे हिमाचल ब्यूरो
#NewsTodayHimachal #Mandi #MandiPolice #HimachalPradesh #NDPSAct #HimachalNews