
*रीवा कल्पना मिश्रा केस में बड़ा खेल मीडिया कर्मियों की हड़ताल का कलेक्टर-एसपी ने उठाया फायदा, 15 दिन से अनशन पर बैठे रामशिरोमणि मिश्रा को भारी हंगामे के बीच धरना स्थल से उठवाकर जिला अस्पताल में कराया भर्ती, हालत थी नाजुक*
*सुपर स्पेशलिटी में मीडिया बैन के विरोध में मीडियाकर्मी थे हड़ताल पर, कवरेज बंद होने का फायदा उठाकर प्रशासन ने की कार्रवाई, 26 अगस्त को संजय गांधी अस्पताल में प्रसूता और नवजात की मौत के बाद 2 सितंबर से पिता थे आमरण अनशन पर*
रीवा। रीवा के बहुचर्चित कल्पना मिश्रा मौत मामले में 16 सितंबर 2026 को प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। सिरमौर चौराहे पर पिछले 15 दिन से अपनी बेटी और नवजात नाती की मौत के बाद न्याय की मांग को लेकर आमरण अनशन पर बैठे पिता रामशिरोमणि मिश्रा को पुलिस और प्रशासन की टीम ने भारी हंगामे के बीच जबरन धरना स्थल से उठा दिया। उन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
*मीडिया हड़ताल का उठाया फायदा*
बताया जा रहा है कि सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल में मीडिया को अंदर जाने से रोके जाने के बाद मीडियाकर्मी हड़ताल और धरने पर बैठे थे। धरना स्थल की कवरेज बंद होने का फायदा उठाते हुए कलेक्टर-एसपी के निर्देश पर प्रशासन ने रामशिरोमणि मिश्रा को धरना स्थल से उठवाया। सूत्रों का कहना है कि अगर मीडिया मौके पर होती तो प्रशासन के लिए इतनी आसानी से धरना खत्म कराना मुश्किल होता।
*नाजुक हो चुकी थी हालत*
रामशिरोमणि मिश्रा 2 सितंबर से अन्न-जल त्याग कर आमरण अनशन पर बैठे थे। लगातार 14-15 दिन से भूख हड़ताल पर रहने के कारण उनकी हालत बेहद नाजुक हो चुकी थी। वे ठीक से बैठ भी नहीं पा रहे थे, शरीर पूरी तरह जवाब देने लगा था। प्रशासन और डॉक्टरों की टीम पहले भी कई बार अनशन खत्म कराने पहुंची थी, लेकिन वे न्याय की मांग पर अड़े रहे। स्वास्थ्य सुरक्षा का हवाला देते हुए प्रशासन ने उन्हें जबरन हटाकर अस्पताल भेजा।
*क्या है पूरा कल्पना मिश्रा केस?*
26 अगस्त 2026 को रीवा के संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल में 25 वर्षीय प्रसूता कल्पना मिश्रा और उनके नवजात बच्चे की डिलीवरी के दौरान मौत हो गई थी। मौत से ठीक पहले कल्पना का एक दर्दनाक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें वह कह रही थी - "पापा मुझे बचा लो, शानू मुझे बचा लो, ये लोग मुझे मार डालेंगे..." परिजनों का आरोप है कि सीनियर डॉक्टरों की अनुपस्थिति और गंभीर लापरवाही के कारण जच्चा-बच्चा की जान गई।
Mauganj, Rewa | Sep 17, 2026