
#haridwar : सिडकुल में दर्दनाक हादसा: ट्रक की टक्कर से 23 वर्षीय वासु की मौत, CCTV में कैद हुई घटना
सिडकुल में ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत, चालक फरार
डेंसो चौक के पास हादसा, फैक्ट्री में खाना पहुंचाने जा रहा था 23 वर्षीय वासु; CCTV में कैद हुई घटना
हरिद्वार। सिडकुल थाना क्षेत्र के डेंसो चौक के पास सोमवार दोपहर सड़क हादसे में बाइक सवार 23 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। युवक एक ढाबे से फैक्ट्री में खाना पहुंचाने जा रहा था, तभी ट्रक की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस उसे अस्पताल ले गई, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रक को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
बिजनौर का रहने वाला था वासु
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान वासु निवासी बिजनौर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। वह सिडकुल क्षेत्र में डेंसो चौक के पास स्थित एक ढाबे पर काम करता था। सोमवार दोपहर वह बाइक से एक फैक्ट्री में खाना पहुंचाने जा रहा था। इसी दौरान डेंसो चौक के पास वह ट्रक की चपेट में आ गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी।
CCTV फुटेज में कैद हुआ हादसा
दुर्घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है। फुटेज में डेंसो चौक के पास एक ट्रक रुका दिखाई देता है, जबकि उसके बराबर से दूसरा ट्रक गुजर रहा होता है। इसी दौरान बाइक सवार युवक आगे निकलने के लिए ओवरटेक करने का प्रयास करता है और गुजर रहे ट्रक से टकराकर उसकी चपेट में आ जाता है। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो जाता है।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव, चालक की तलाश जारी
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। दुर्घटना में शामिल ट्रक को कब्जे में लेकर पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
सिडकुल थाना प्रभारी अजय शाह ने बताया कि युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसे की जांच की जा रही है और फरार ट्रक चालक की तलाश जारी है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Haridwar Stambh Vasudev Haridwar Police Uttarakhand Police