
झुंझुनूं में 6 अगस्त को गूंजेगा भक्ति का महासंगम: शिव परिवार सहित पांच दिव्य प्रतिमाओं की होगी प्राण-प्रतिष्ठा
भजन सम्राट गुलाब नाथ महाराज की संगीतमयी प्रस्तुति, सवामणी प्रसाद व भव्य रात्रि जागरण रहेगा आकर्षण
झुंझुनूं। शहर की शहीद इंद्र सिंह सैनी कॉलोनी (वार्ड संख्या-51) में आगामी 6 अगस्त को श्रद्धा, आस्था और धार्मिक उल्लास का भव्य आयोजन होगा। इस अवसर पर शिव परिवार, खाटू श्याम बाबा, बालाजी महाराज, शीतला माता एवं पितर जी महाराज की प्रतिमाओं की वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ प्राण-प्रतिष्ठा की जाएगी। आयोजन को लेकर क्षेत्र में व्यापक तैयारियां शुरू हो चुकी हैं और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
कार्यक्रम संयोजक महेश बसावतिया ने बताया कि समारोह का शुभारंभ प्रातः 9:15 बजे वैदिक मंत्रोच्चार एवं पूजा-अर्चना के साथ होगा। इसके बाद दिनभर धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे। शाम 5 बजे से विशाल सवामणी प्रसाद का आयोजन किया जाएगा, जबकि रात्रि में भव्य भजन-कीर्तन एवं जागरण श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण रहेगा।
उन्होंने बताया कि भजन सम्राट गुलाब नाथ जी महाराज अपनी भजन मंडली के साथ भक्ति रस से ओतप्रोत प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं को भाव-विभोर करेंगे। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में झुंझुनूं के प्रभारी मंत्री अविनाश गहलोत शिरकत करेंगे। वहीं विशिष्ट अतिथियों में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच, भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष राखी राठौड़ , भाजपा प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी, झुंझुनूं विधायक राजेन्द्र भांबू, महिला मोर्चा प्रदेश प्रभारी संतोष अहलावत, पूर्व विधायक शुभकरण चौधरी, ओबीसी आयोग सदस्य पवन मवांडिया, महिला मोर्चा प्रदेश महामंत्री अरूणा सिहाग, चिड़ावा प्रधान रोहितास धांगड़, पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष बनवारीलाल सैनी, जिला कलेक्टर डॉ. अरूण गर्ग, उपभोक्ता आयोग अध्यक्ष मनोज मिल, पूर्व उपाध्यक्ष प्इंजी. प्यारेलाल ढूकिया तथा पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सिंह सागर सहित अनेक जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहेंगे।
आयोजनकर्ता एवं कलेक्ट्रेट झुंझुनूं के वरिष्ठ सहायक राकेश सैनी ने बताया कि इस अवसर पर शिव परिवार, खाटू श्याम बाबा एवं बालाजी महाराज की विशेष पूजा-अर्चना भी की जाएगी। आयोजन समिति ने जिलेभर के श्रद्धालुओं से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धर्म लाभ लेने और आयोजन को सफल बनाने की अपील की है। आयोजन को लेकर क्षेत्र में उत्साह और भक्तिमय वातावरण बना हुआ है।