
-#न्यू कॉम्प्लेक्स सिस्टम के खिलाफ शिक्षक संगठनों का मोर्चा, 5 सितंबर तक फैसले की मांग…
-#ब्राइट #न्यूज #शिमला
-#हिमाचल में लागू किए गए न्यू कॉम्प्लेक्स सिस्टम को लेकर हिमाचल प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ ने सरकार और शिक्षा विभाग के खिलाफ अपना आंदोलन और तेज करने का ऐलान किया है। शिमला में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान संघ के प्रदेश अध्यक्ष रमेश शर्मा ने स्पष्ट कहा कि 11 जुलाई से शुरू हुआ आंदोलन तब तक जारी रहेगा, जब तक सरकार न्यू कॉम्प्लेक्स सिस्टम को वापस नहीं लेती। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 5 सितंबर तक सरकार ने इस संबंध में कोई ठोस निर्णय नहीं लिया, तो आंदोलन को और व्यापक तथा निर्णायक रूप दिया जाएगा।
-#रमेश शर्मा ने बताया कि 25 जुलाई को प्राथमिक शिक्षकों की पदयात्रा शिमला पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में सचिवालय में बैठक हुई थी। इस बैठक में प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रतिनिधियों और वरिष्ठ अधिकारियों की संयुक्त समिति गठित कर शिक्षकों की मांगों पर विस्तार से विचार करने तथा रिपोर्ट सरकार को सौंपने का निर्णय लिया गया था। हालांकि, समिति के गठन में अनावश्यक देरी की गई, जिससे शिक्षकों में नाराजगी बढ़ी है।
-#उन्होंने कहा कि 5 अगस्त को आयोजित बैठक में ऐसे कई शिक्षक संगठनों को भी आमंत्रित किया गया, जिनका न्यू कॉम्प्लेक्स सिस्टम से प्रत्यक्ष संबंध नहीं है। प्राथमिक शिक्षक इस व्यवस्था से सबसे अधिक प्रभावित हैं, इसलिए इस मुद्दे पर बातचीत में उनकी भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होनी चाहिए थी।
-#प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि शिक्षा विभाग को उम्मीद थी कि अन्य शिक्षक संगठन न्यू कॉम्प्लेक्स सिस्टम का समर्थन करेंगे, लेकिन बैठक में अधिकांश संगठनों ने इसका विरोध किया। टीजीटी, सीएंडवी, साइंस मास्टर, टीजीटी आर्ट्स, स्कूल लेक्चरर एसोसिएशन, राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ और हिमाचल प्रदेश शिक्षक महासंघ सहित कई संगठनों ने इस व्यवस्था को अव्यावहारिक बताते हुए इसे ‘न्यू जुगाड़ तंत्र’ करार दिया।
-#प्राथमिक शिक्षक संघ ने दोहराया कि उनका क्रमिक अनशन लगातार जारी रहेगा। संघ का कहना है कि सरकार यदि 5 सितंबर तक न्यू कॉम्प्लेक्स सिस्टम को वापस लेने का निर्णय नहीं करती, तो प्रदेशभर में आंदोलन को और तेज किया जाएगा। संघ ने सरकार से शिक्षकों की चिंताओं को गंभीरता से लेते हुए जल्द समाधान निकालने की मांग की है।