
*नवरात्रि की नवमी पर मेधावी छात्राओं को साइकिल भेंट करेंगी जिला पंचायत सदस्य विनीता रावत*
शिक्षा को बढ़ावा देने और बेटियों के सपनों को नई उड़ान देने की पहल, ग्राम सभा ठेंऊंगा के मजरे दुनिया का पुरवा रेलवे क्रासिंग के बगल व ग्राम सभा बैदरापुर के ठेंऊंगी में होगा वितरण*
अयोध्या- शारदीय नवरात्र पर्व के पावन अवसर पर सोहावल प्रथम की जिला पंचायत सदस्य विनीता रावत अपने पति अजय रावत के साथ नवमी के दिन दो मेधावी छात्राओं को साइकिल भेंट करेंगी। यह वितरण क्षेत्र की ग्राम पंचायत
ठेंऊंगा के मजरे दुनिया का पुरवा व ग्राम पंचायत बैरापुर के ठेंऊंगी में किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य प्रतिभाशाली छात्राओं को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करना और उनकी राह को आसान बनाना है।
नवरात्र के दौरान अजय रावत लगातार क्षेत्र में पहुंचकर दुर्गा पूजा पंडालों में मां दुर्गा का पूजन-अर्चन कर रहे हैं। इसी क्रम में नवमी के पावन अवसर पर छात्राओं को साइकिल वितरित कर शिक्षा और महिला सशक्तीकरण का संदेश दिया जाएगा।
अजय रावत ने कहा कि बेटियां समाज का भविष्य हैं और उनकी शिक्षा में सहयोग करना हम सभी की जिम्मेदारी है। साइकिल मिलने से छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में सुविधा मिलेगी और उनका समय भी बचेगा। इससे वे अपनी पढ़ाई पर अधिक ध्यान दे सकेंगी। हमारा प्रयास है कि आर्थिक या आवागमन संबंधी कठिनाइयां किसी भी प्रतिभाशाली बेटी की शिक्षा में बाधा न बनें।
उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य केवल साइकिल वितरित करना नहीं, बल्कि मेधावी छात्राओं का मनोबल बढ़ाना, उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना और समाज में बेटियों की शिक्षा के प्रति जागरूकता पैदा करना है। नवरात्र के पावन पर्व पर यह पहल मां दुर्गा के प्रति श्रद्धा के साथ-साथ बेटियों के उज्ज्वल भविष्य के संकल्प को भी दर्शाती है।
Sadar, Faizabad | Oct 19, 2026