
मोहर्रम पर्व को लेकर भिट्ठा थाना परिसर में शांति समिति की बैठक
भिट्ठामोड़ (सीतामढ़ी)। आगामी मोहर्रम पर्व 2026 को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं विधि-व्यवस्था के अनुरूप संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार को अपराह्न 4:00 बजे भिट्ठा थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता भिट्ठा थाना प्रभारी दीपक पटेल ने की। उन्होंने उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों से मोहर्रम पर्व को आपसी भाईचारे और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की।
बैठक में मोहर्रम जुलूस, ताजिया मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। थाना प्रभारी दीपक पटेल ने कहा कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें तथा सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करें। उन्होंने सभी लोगों से प्रशासन का सहयोग करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
बैठक में अरुण यादव (मुखिया प्रतिनिधि, श्रीखंडी भिट्ठा पश्चिमी पंचायत), किरण देवी (सरपंच, श्रीखंडी भिट्ठा पूर्वी पंचायत), मदिनी जी (मुखिया प्रतिनिधि, दिवारी मटोना पंचायत), राजेश पासवान (मुखिया, कोरियाही पंचायत), ध्रुव नारायण चौधरी (मुखिया, दाधाबाड़ी पंचायत), सरोज कुमार (पैक्स अध्यक्ष), ललित झा (कोरियाही), छोटू सिंह (सरपंच, दिवारी मटोना पंचायत), महाबल शेख (सरपंच, दाधाबाड़ी पंचायत), समाजसेवी लाल यादव सहित कई जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों ने कहा कि मोहर्रम का पर्व शांति, त्याग और भाईचारे का संदेश देता है। सभी प्रतिनिधियों ने क्षेत्र में सौहार्दपूर्ण माहौल बनाए रखने तथा प्रशासन को हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया। अरुण यादव ने कहा कि सामाजिक एकता ही क्षेत्र की सबसे बड़ी ताकत है। किरण देवी ने लोगों से आपसी प्रेम और सद्भाव बनाए रखने की अपील की। वहीं राजेश पासवान, ध्रुव नारायण चौधरी, छोटू सिंह एवं महाबल शेख ने कहा कि सभी समुदायों के सहयोग से मोहर्रम पर्व शांतिपूर्वक संपन्न कराया जाएगा।
बैठक के अंत में थाना प्रभारी दीपक पटेल ने कहा कि प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और पर्व को लेकर सभी आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाएं की जा रही हैं। उन्होंने लोगों से शांति, सौहार्द और भाईचारे की परंपरा को बनाए रखने की अपील की।